कानपुर की बिजली का राज... कटियाबाज
'मर्दानी', 'द एक्सपेंडेब्ल्स 3' और 'लाइफ इज ब्यूटीफुल' के अलावा आज एक और फिल्म रिलीज हुई है। दरअसल यह फिल्म नहीं एक डॉक्यूमेंट्री है, मगर इसे किसी फिल्म सरीखा ही रिलीज किया गया है। इस डॉक्यूमेंट्री का नाम है 'कटियाबाज'।
आपने रॉबिन हुड का नाम तो सुना ही होगा, जो अमीरों को लूटकर गरीबों में बांटता है। इस फिल्म का किरदार लोहा सिंह भी ऐसा ही है। उत्तर प्रदेश की तमाम समस्याओं में से एक प्रमुख समस्या है बिजली कटौती। लोहा सिंह इसी समस्या से लोहा लेता हुआ नजर आता है।
बिजली की मेन लाइन से कोई तार फंसाकर चोरी से बिजली लेने को 'कटियाबाजी' कहा जाता है और ऐसा करने वाले को 'कटियाबाज' इसमें खतरा होता है, मगर लोगों की मदद के नाम पर लोहा सिंह यह जोखिम उठाता है। इस बीच बिजली विभाग में एक कड़क महिला अधिकारी ऋतु माहेश्वरी की नियुक्ति होती है और लोहा सिंह की दिक्कतें शुरू हो जाती हैं।
दीप्ति कक्कड़ और फहद मुस्तफा के निर्देशन में बनी यह डॉक्यूमेंट्री अपनी रिलीज से पहले ही कई सारे राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय पुरस्कार जीत चुकी है। 61वें राष्ट्रीय फिल्म पुरस्कारों में इसे बेस्ट इन्वेस्टिगेटिव फिल्म के पुरस्कार से नवाजा गया। लॉस एंजिलिस के इंडियन फिल्म फेस्टिवल में इसे जूरी अवार्ड मिल चुका है।
कहा जा रहा था कि यह मुंबई, दिल्ली, बेंगलुरू, कोलकाता, पुणे, हैदराबाद, लखनऊ, कानपुर, इंदौर, चंडीगढ़ और जयपुर समेत 15 शहरों में रिलीज होनी है, मगर इंदौर के किसी भी सिनेमाघर तक यह पहुंच न सकी। फिल्म को अनुराग कश्यप, विक्रमादित्य मोटवाने, मधु मैंटेना और विकास बहल के स्वामित्व वाली कंपनी 'फैंटम' ने रिलीज किया है।






टिप्पणियाँ
एक टिप्पणी भेजें