'द सायलेंस ऑफ द लैंब्स': डर के साथ रहस्य-रोमांच का कॉकटेल


प्यार-मोहब्बत और कॉमेडी पर आधारित तमाम फिल्मों का आपने मजा लिया होगा, मगर जो मजा सस्पेंस थ्रिलर फिल्में देखने में आता है वैसा किसी दूसरी फिल्म में नहीं मिलता। डर के साथ रहस्य-रोमांच का कॉकटेल एक दम नशे की तरह असर करता है।


फिल्म के दौरान इस नशे का असर बेहद मारक होता है। ऐसी फिल्में जेहन में डर पैदा करती हैं। इसके बावजूद पूरी फिल्म देखने का मन करता हैं। वह भी एक बैठकी में। कोई डिस्टर्ब करने वाला न हो। रोमांच डर के असर को कभी कम करता है तो कभी बढ़ा देता है।


सस्पेंस-थ्रिलर कैटेगरी में हॉलीवुड की एक बेहतरीन फिल्म है 'द सायलेंस ऑफ द लैंब्स'। जोनाथन डेमे के निर्देशन में बनी यह फिल्म 1991 में रिलीज हुई थी। खास बात यह है कि इस फिल्म ने ऑस्कर के शीर्ष पांच पुरस्कारों को अपने नाम किया था। मतलब बेस्ट पिक्चर, बेस्ट एक्टर, बेस्ट एक्ट्रेस, बेस्ट डायरेक्टर और बेस्ट रायटिंग (अडॉप्टेड स्क्रीनप्ले) पुरस्कारों पर उस साल कोई दूसरी फिल्म कब्जा नहीं जमा सकी थी।


फिल्म एक सीरियल किलर बफैलो बुल (टेड लेवाइन) की खोज पर आधारित है, जो अमेरिका के विभिन्न प्रांतों में युवतियों की हत्या कर उनके शरीर के एक खास भाग की त्वचा उतार लेता है। उसका सुराग लगाने के तमाम प्रयास बेकार जाते हैं। कहा जाता है लोहे का लोहा काटता है।


मामले की जांच कर रही एफबीआई (फेडरल ब्यूरो ऑफ इनवेस्टिगेशन) इसी का सहारा लेकर बफैलो बिल को पकड़ने के लिए आठ साल से एक पागलखाने में कैद दूसरे साइको सीरियल किलर डॉ. हैनिबल लेक्टर (सर एंथनी हॉपकिंस) का सहारा लेती है।


एफबीआई की एक ट्रेनी ऑफिसर क्लैरिस स्टर्लिंग (जोडी फोस्टर) को डॉ. हैनिबल से मिलने भेजा जा, ताकि इस केस को सॉल्व करने में मदद मिल सके। ये फिल्म पूरी तरह से अभिनेत्री जोडी फॉस्टर की है जो फिल्म
में एक ट्रेनी से एफबीआई के बेहतरीन ऑफिसर के रूप में उभरती हैं। इसके लिए उन्हें ऑस्कर पुरस्कार
भी मिला।


फिल्म चार से पांच नृशंस हत्याएं होती है और क्लैरिस डॉ. हैनिबल के सहारे साइको किलर तक पहुंचने में सफल होती है। आखिर में डॉ. हैनिबल भी  पागलखाने से भाग निकलने में कामयाब हो जाता है। बाकि बफैलो बिल हत्याएं क्यों करता है यह फिल्म देखकर ही जाना जाए तो बेहतर होगा।

20 मिनट का रोल और बेस्ट एक्टर का ऑस्कर अवार्ड


क्या कोई महज 16 से 20 मिनट के रोल में बेस्ट एक्टर का ऑस्कर पुरस्कार हथिया सकता है। इस सवाल का जवाब है हां। यह बात साल 1992 के ऑस्कर पुरस्कार समारोह की है। और उस दौर में इसी फिल्म के लिए यह कारनामा कर दिखाया था ब्रिटिश अभिनेता एंथनी हॉपकिंस ने। फिल्म में डॉ. हैनिबल लेक्टर नाम के सीरियल किलर का किरदार निभाने के लिए उन्हें यह सम्मान मिला।  

टिप्पणियाँ

इस ब्लॉग से लोकप्रिय पोस्ट

असली मस्तराम की तलाश

हैप्पी फीट: मछली की तरह तैरने वाला पक्षी पेंग्विन