अगले साल 'डोगा' शुरू करेंगे अनुराग कश्यप
मुंबई अंडरवर्ल्ड पर अपनी आने वाली पीरियड फिल्म 'बॉम्बे वेलवेट' को फाइनल टच देने में जुटे निर्देशक अनुराग कश्यप अगले साल यानी 2015 में कॉमिक्स किरदार 'डोगा' पर फिल्म शुरू करेंगे। 'फैंटम फिल्म्स' से मधु मैटेना ने घोषणा की है कि वह इस फिल्म को प्रोड्यूस केरेंगे। मधु ने कहा, 'हमें खुशी है कि 'डोगा' को देखने की अनुराग की नजर में हम भागीदार होंगे। हमने किताब के अधिकार खरीद लिए हैं। पूरी संभावना है कि अगले साल यह फिल्म शुरू हो जाएगी।'
मधु की योजना 'राज कॉमिक्स' के मनीष और संजय गुप्ता के साथ उन संभावनाओं को तलाश करने की है जो इस कॉमिक्स किरदार 'डोगा' पर आधारित फिल्म को आगे ले जाए। अनुराग कश्यप ने कहा, मुझे वास्तव में इस बात की खुशी है कि डोगा अब आकार लेने लगा है। यह वह खुशी है तो काफी सालों से मुझे रोमांचित किए हुए है। यह अच्छा है कि मधु इसे ज्यादा से ज्यादा लोगों तक पहुंचाने की संभावनाओं पर काम कर रहे हैं। खबर ये भी मिली है कि डोगा का किरदार 'रंग दे बसंती' और 'लव शव ते चिकन खुराना' फेम अभिनेता कुणाल कपूर निभाएंगे।
कौन है डोगा
बचपन में सूरज नाम के एक अनाथ के साथ इतना अन्याय होता है कि वह बुराई को खत्म करने का बीड़ा उठाता है और बन जाता है डोगा। 'डोगा' मुंबई शहर का एक सजग काल्पनिक प्रहरी है, जो मुसीबत में फंसे लोगों की मदद करने के साथ जुर्म की दुनिया को खत्म करने के लिए प्रतिबंध है। इसमें उसकी मदद करता है इंस्पेक्टर चीता।
डोगा सबसे पहले 1992 में राज कॉमिक्स में पहली बार नजर आया था, जिसके विश्वासपात्र साथी शहर के आवारा कुत्ते होते हैं, जो अपराध की घटनाओं की पल-पल की सूचना डोगा को देते हैं। बदमाशों से अपनी पहचान छिपाने के लिए सूरज कुत्ते की शक्ल का मास्क और खास ड्रेस तैयार करता है। सूरज अपना नाम भी कुत्तों के अंग्रेजी नाम से मिलता जुलता रखता है। डॉग की स्पेलिंग में 'ए' ('डी', 'ओ', 'जी', 'ए') जोड़ने से 'डोगा' बनता है।





टिप्पणियाँ
एक टिप्पणी भेजें