आज भी जवां है 97 साल का पहला भारतीय वोटर
97 साल के बुजर्ग श्याम सरण नेगी आज भी जवां हैं। कम से कम उनकी जिजीविषा और भारतीय लोकतंत्र के प्रति बरकरार उम्मीद तो यही इशारा करती है कि अब भी वह बूढ़े नहीं हुए हैं। श्याम हिमाचल प्रदेश के उत्तरी भाग में स्थित किन्नौर जिले के कल्पा गांव में रहते हैं। किन्नौर मंडी लोकसभा क्षेत्र का हिस्सा है।
बुधवार को आठवें चरण के मतदान में उन्होंने हर बार की तरह फिर आहुति दी। बुधवार को उन्होंने 92 वर्षीय पत्नी हीरामणि नेगी के साथ सुबह 6:55 बजे वोट डाला। श्याम रिटायर टीचर हैं और संयोग से इस बार उनका बूथ उसी स्कूल में बनाया गया था, जहां से वह 23 साल पढ़ा कर रिटायर हुए थे।
1947 में आजादी के बाद 1951 में हुए आम चुनाव के दौरान वह भारत के पहले व्यक्ति बने जिसने वोट डाला था। तब पहली बार किन्नौर में आम चुनाव 25 अक्टूबर 1951 में हुए थे। उस समय भी चुनाव कई चरणों में हुए और देश के दूसरे हिस्सों में फरवरी 1952 में वोट कराए गए। राज्य चुनाव आयोग ने हाल ही में उन्हें अपना ब्रांड अंबेसडर बनाया है।
वर्ष 1951 से वोट डालना उनकी परंपरा बन गई। हालांकि उन्हें अपने गांव से कई किलोमीटर पैदल चलकर वोट डालने के लिए बूथ पर आना पड़ता है फिर भी उन्होंने 17वीं बार भी इस जिम्मेदारी को बिना किसी अपेक्षा के उठाई है। चुनाव के समय भारी बर्फबारी भी उनके कदम जमा न सकी।
ऊपर की फोटो भी हिमाचल प्रदेश के चंबा की है। ये लोग वोट देने जा रहे हैं। अगर आखिरी चरण के मतदान में आपका क्षेत्र आता है तो कम से कम मतदान जरूर करें। कुछ तो सीख लें इन लोगों से...





टिप्पणियाँ
एक टिप्पणी भेजें