दबंग सलमान तुमने सुना, आ रहा है महादबंग
गर्मी के दिनों में हॉलीवुड की कई फिल्में बॉलीवुड के परदे पर आग लगाने को तैयार हैं। इस साल के पिछले कुछ महीनों में हॉलीवुड से सिर्फ ऑफ बीट फिल्में ही भारत में रिलीज हुईं। अगले कुछ महीनों में हॉलीवुड की कुछ ऐसी फिल्में रिलीज होने वाली हैं जो अमेरिका के साथ भारत में भी समान रूप से लोकप्रिय हैं।
इसकी शुरुआत हुई चार मार्च को रिलीज हुई नोएम मुरो निर्देशित फिल्म '300: राइज ऑफ एन अंपायर'। इस बीच बॉलीवुड की तमाम फिल्में आ कर चली गईं, मगर यह फिल्म अब भी हमारे यहां के तमाम सिनेमाघरों में परदे से चिपकी हुई है।
हॉलीवुड की लोकप्रिय फिल्म की इस कड़ी में एक और फिल्म कल यानी शुक्रवार को रिलीज हो रही है। इसका नाम बताने से पहले मैं बॉलीवुड के दबंग हीरो सलमान खान से एक सवाल पूछना चाहूंगा, दबंग सलमान तुमने सुना, आ रहा है महादबंग। हॉलीवुड की इस फिल्म का नाम है 'कैप्टन अमेरिका: द विंटर सोल्जर', जो 2011 में आई 'कैप्टन अमेरिका: द फर्स्ट अवेंजर' का सीक्वल है। यह फिल्म हिन्दी डबिंग के साथ 'महादबंग' नाम से रिलीज हो रही है, इसलिए अपने दबंग हीरो का अब सावधान हो जाना चाहिए।
बहरहाल दबंग सलमान तो नहीं मगर इस फिल्म से टक्कर लेने के लिए बॉलीवुड की दो फिल्में तैयार हैं। एक का नाम 'जल' है और दूसरी फिल्म का नाम 'मैं तेरा हीरो' है। गिरीश मलिक निर्देशित 'जल' कच्छ के रण में पानी की समस्या पर आधारित फिल्म हैं। इसका मुख्य पात्र बक्का है, जिसे पूरब कोहली निभा रहे हैं। बक्का को रेगिस्तान में पानी का पता लगाने की अनोखा हुनर हासिल है। पानी की कमी के अलावा फिल्म जटिल प्रेम संबंधों, शत्रुता और धोखे पर आधारित हैं। पूरब के अलावा फिल्म में तनिष्ठा चटर्जी, कीर्ति कुल्हारी, सैदाह जूल्स और यशपाल शर्मा भी नजर आएंगे।
इसके अलावा 'मैं तेरा हीरो' डेविड धवन की फिल्म है। इसमें मुख्य किरदार उनके बेटे वरुण धवन निभा रहे हैं। फिल्म में दो हीरोइन इलियाना डीकू्रज और नरगिस फाखरी नजर आएंगी। यह कॉमेडी का तड़का लगी डेविड स्टाइल की फिल्म है।




टिप्पणियाँ
एक टिप्पणी भेजें