कैप्टन अमेरिका और द विंटर सोल्जर


2011 में आई फिल्म 'कैप्टन अमेरिका: द फर्स्ट अवेंजर' का सीक्वल पिछले दिनों 'कैप्टन अमेरिका: द विंटर सोल्जर' के रूप में आया। यह भी पहले भाग की तरह जबरदस्त एक्शन पैक्ड है। इस फिल्म में इंटेलीजेंसी एजेंसी शील्ड (स्ट्रेटजिक हजार्ड इंटरवेंशन एस्पीअनेज ला इंफोर्समेंट डिवीजन) का मुकाबला उसके अपने लोगों से ही दिखाया गया है।


कैप्टन अमेरिका (क्रिस इवांस) 'शील्ड' के लिए काम करने लगता है। इस दौरान 'शील्ड' के एक जहाज को हाईजैक कर लिया जाता है। बाद में पता चलता है कि यह वारदात 'शील्ड' में शामिल कुछ लोगों ने ही अंजाम दी है। कैप्टन अमेरिका ऐसे ही लोगों का पर्दाफाश इस फिल्म में करता है।


कैप्टन अमेरिका इसका पता लगाने की कोशिश में ही होता है कि 'शील्ड' के प्रमुख निक फ्यूरी (सैमुअल एल. जैक्सन) की मौत हो जाती है। इस पूरे षडयंत्र का पता लगाने के दौरान कैप्टन को पता चला है कि द्वितीय विश्व युद्ध के समय चल रहा हिटलर का खुफिया प्रोजेक्ट 'हाइड्रा' अब भी जारी है। हाइड्रा एक प्रोजेक्ट है जिसके जरिए विनाशकारी हथियार तैयार किए जाते हैं। हाइड्रा प्रोजेक्ट शील्ड के ही लोग चला रहे होते हैं।


कैप्टन अमेरिका इसे रोकने के बीड़ा उठाता और कैप्टन को रोकने के लिए शील्ड या यू कहें हाइड्रा की ओर से एक योद्धा को भेजा जाता है। यह योद्धा ही इस फिल्म का रोमांचक मोड़ है। इसलिए उसके बारे में ज्यादा जानकारी देना ठीक नहीं है। उसके लिए इतना कहना ही ठीक रहेगा कि कैप्टन अमेरिका उसे पहले से जानता है।


इस योद्धा के अलावा फिल्म में एक और किरदार को जोड़ा गया है। यह किरदार फाल्कन (एंटोनी मैकी) है, जो कैप्टन अमेरिका के इस मिशन में मदद करता। बाकी ब्लैक विडो (स्कारलेट जोहानसन) और शील्ड की एजेंट मारिया हिल (कोबी स्मल्डर्स) की मदद से कैप्टन अमेरिका हाइड्रा प्रोजेक्ट को उसके अंजाम तक पहुंचाता है।


फिल्म 'आयरनमैन 3' में टोनी स्टार्क (राबर्ट डाउनी जूनियर) अपने आयरनमैन सूट को तबाह कर देता है। अब इस फिल्म में इंटेलीजेंस एजेंसी शील्ड को खत्म कर दिया जाता है। ये दोनों फिल्मों एक सवाल छोड़ गई हैं कि आखिर मारवल कॉमिक्स वाले आगे दर्शकों को क्या दिखाना चाहते हैं।


अवेंजर्स: एज ऑफ अल्ट्रॉन
दरअसल 'आयरनमैन 3', 'थॉर 2' और 'कैप्टन अमेरिका: द विंटर सोल्जर' फिल्मों के बाद कुछ और फिल्में आएंगी और उसके बाद साल 2015 में एक महाफिल्म 'अवेंजर्स: एज ऑफ अल्ट्रॉन' आएगी जो साल 2012 में आई फिल्म 'द अवेंजर्स' का सीक्वल है। इसमें एक बार फिर आठ सुपर हीरो एक साथ नजर आएंगे। तो हॉलीवुड फिल्मों के दीवाने दिल थाम के बैठे, क्यों आप के मनोरंजन के लिए कई बेहतरीन फिल्में आने वाली हैं। 'अवेंजर्स: एज ऑफ अल्ट्रॉन' के अगले साल अप्रैल या मई में  रिलीज होने की संभावना है। 

टिप्पणियाँ

इस ब्लॉग से लोकप्रिय पोस्ट

असली मस्तराम की तलाश

हैप्पी फीट: मछली की तरह तैरने वाला पक्षी पेंग्विन